पाली | 16 सितंबर 2026, बुधवार पाली में नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर बुधवार को कांग्रेस के भीतर चल रहा विवाद उस समय सड़क तक पहुंच गया, जब कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी के भाई लक्ष्मीनारायण भाटी के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि कुछ समर्थकों ने उनकी स्कूटी गिराकर उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। घटना के बाद लक्ष्मीनारायण भाटी फटे कपड़ों में कोतवाली थाने पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज करवाई।
मामला कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी के पार्टी सिंबल वाले लिफाफे से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर लिफाफा लेकर मौके से फरार हो गए।
सिंबल जमा कराने के बाद दोबारा निगम कार्यालय पहुंचे
जानकारी के अनुसार, महापौर पद के लिए कांग्रेस की ओर से सुमित्रा जैन के नाम का सिंबल जमा कराने के लिए विधायक भीमराज भाटी के भाई लक्ष्मीनारायण भाटी कांग्रेस प्रतिनिधि के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। पार्टी का सिंबल जमा कराने के बाद दोनों वहां से लौट गए।
दोपहर करीब 3:03 बजे लक्ष्मीनारायण भाटी कांग्रेस प्रतिनिधि के साथ दोबारा स्कूटी से निगम कार्यालय के बाहर पहुंचे। उस समय निगम का गेट बंद था और वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
इसी दौरान परिसर में मौजूद एक प्रत्याशी के कुछ समर्थकों ने कथित तौर पर उनसे लिफाफा देने की मांग की। लिफाफा नहीं देने पर दरवाजा खोलकर अंदर जाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधि वहां से चले गए और लक्ष्मीनारायण भाटी भी एक अन्य व्यक्ति के साथ स्कूटी से रवाना हो गए।
विवेकानंद सर्किल के पास स्कूटी गिराने का आरोप
आरोप है कि कुछ समर्थकों ने बाइक से लक्ष्मीनारायण भाटी का पीछा किया। विवेकानंद सर्किल के पास उनकी स्कूटी गिरा दी गई, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनके कपड़े फट गए। आरोप यह भी है कि उनके पास मौजूद लिफाफा लेकर हमलावर वहां से चले गए।
घटना के बाद लक्ष्मीनारायण भाटी कोतवाली थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
लिफाफे को लेकर निगम में पुलिस से भी बहस
घटना के कुछ समय बाद नगर निगम परिसर में मौजूद एक प्रत्याशी के समर्थकों को बाहर से एक लिफाफा मिलने की बात सामने आई। इसके बाद समर्थक रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष की ओर जाने लगे।
पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। समर्थकों ने निगम परिसर में मौजूद होने का हवाला देते हुए ऊपर जाने की अनुमति मांगी, लेकिन पुलिस ने अनुमति नहीं दी। इसको लेकर पुलिस और समर्थकों के बीच करीब आधे घंटे तक बहस चलने की जानकारी सामने आई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने क्या कहा?
पाली कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निंबाड़ा के अनुसार, कांग्रेस का अधिकृत सिंबल दोपहर 2:40 बजे ही जमा हो चुका था। उनका कहना है कि विधायक के भाई और कांग्रेस प्रतिनिधि एक अन्य आवेदन जमा कराने के लिए निगम कार्यालय पहुंचे थे। प्रवेश नहीं मिलने के बाद प्रतिनिधि वहां से रवाना हो गए, जबकि लक्ष्मीनारायण भाटी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ हमला होने की बात जिलाध्यक्ष ने कही।
महापौर पद के लिए 6 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 10 नामांकन
पाली नगर निगम महापौर चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन की अंतिम तिथि पूरी हो गई। रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह के अनुसार, कुल 8 प्रत्याशियों को 13 नामांकन पत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 6 प्रत्याशियों ने कुल 10 नामांकन पत्र जमा करवाए।
कांग्रेस की ओर से सुमित्रा जैन और भाजपा की ओर से नमिता बुबकिया के नाम के सिंबल जमा किए गए।
इन प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन
- राजबाला हिंगड़ — कांग्रेस और निर्दलीय, दो नामांकन
- सुमित्रा जैन — कांग्रेस और निर्दलीय, दो नामांकन
- पुष्पा — दो निर्दलीय नामांकन
- नमिता बुबकिया — भाजपा और निर्दलीय, एक-एक नामांकन
- कुसुम सोनी — निर्दलीय
- रशीदा बानो — निर्दलीय
महापौर चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पाली में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वहीं सिंबल वाले लिफाफे को लेकर हुए विवाद और मारपीट के मामले ने चुनावी माहौल को और चर्चा में ला दिया है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।